पूर्वांचल
मऊ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना
मऊ। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तहत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन 28 नवंबर को अलंकृत उद्यान, रोज गार्डन, बलिया मोड़ पर हुआ। इस कार्यशाला में खाद्य उद्योग से जुड़े 30 नव उद्यमियों ने हिस्सा लिया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि सहायक श्रमायुक्त प्रभात कुमार सिंह ने श्रमिक कल्याण कार्यक्रमों और श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए उद्योग संचालन में इनका अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के डॉ. जितेंद्र कुशवाहा ने आंवला, लौकी और फलों के जूस व्यवसाय की संभावनाओं पर चर्चा की और फलों व शाकभाजी की प्रसंस्करण विधियां समझाईं। चार्टर्ड अकाउंटेंट राकेश श्रीवास्तव ने वित्तीय नियम, ऑडिट, खाता प्रबंधन और जीएसटी से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
प्रगतिशील महिला उद्यमियों शुभ्रा चौरसिया और बीना देवी ने मसाला, मशरूम और मोटे अनाज के प्रसंस्कृत उत्पादों पर अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं जिससे स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिली।
जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 150 से अधिक उद्यमियों को बैंकों से अनुदान दिलाकर उद्योग स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बैच के उद्यमियों को उद्योग बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई और अगले माह एक और प्रशिक्षण बैच आयोजित होगा।
डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन सुनील गिरी ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और उद्योग उन्नयन की जानकारी दी। इस आयोजन में मसाला, मिठाई, मुरमुरा और पशु चारा जैसे विभिन्न उद्योगों से जुड़े लाभार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग के अधिकारी अरुण कुमार यादव, मिथिलेश कुमार सिंह, बृजेश कुमार, मनीष राय, संतोष सोनकर, सुनील गिरी, ज्योतिष सिंह और डिंपल शुक्ला ने भी सहयोग दिया।
