वायरल
बीएलओ की मौत पर सवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग
वाराणसी। यूपी के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी गांव निवासी गोंडा जिले के एक विद्यालय में सहायक शिक्षक एवं बीएलओ का कार्य देख रहे विपिन कुमार यादव की मौत के बाद बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता व मृतक आश्रित के रूप में पत्नी को नौकरी देने की बात कही।
बुधवार सुबह मल्हनी गांव पहुंचे अजय राय ने विपिन के पिता सुरेश कुमार यादव को सांत्वना दी और कहा कि कांग्रेस पार्टी दिवंगत शिक्षक के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ओबीसी वर्ग के लोगों के एसआईआर सूची से नाम कटवाने की साजिश कर रही है, जिसके चलते यह तीसरी घटना सामने आई है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने की मांग की।

दबाव में थे विपिन – साले का आरोप
बदलापुर निवासी प्रतीक यादव ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनकी बहन सोनाली ने विपिन से फोन पर बात की थी। विपिन ने बताया था कि एसआईआर सूची में नाम जोड़ने और हटाने को लेकर अधिकारियों का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। एसडीएम, लेखपाल व खंड विकास अधिकारी 700 लोगों के एसआईआर फार्म भरने का दबाव बना रहे थे, जबकि विपिन 350 फार्म पहले ही पूरा कर चुके थे। ओबीसी वर्ग के नाम हटाने और अन्य नाम जोड़ने को लेकर बढ़ते दबाव के कारण ही उन्होंने यह कदम उठाया। प्रतीक ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
आठ माह से रुका था वेतन
विपिन के पिता ने बताया कि पिछले आठ महीनों से बेटे का वेतन रुका हुआ था, जिसके चलते वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। लगातार कार्यों का दबाव बनाया जा रहा था और वे कई बार रिश्तेदारों से मदद लेकर घर खर्च चलाते रहे। पिता ने मानसिक प्रताड़ना को घटना का कारण बताया।

मासूम बेटे को नहीं मिली खबर
विपिन का चार वर्षीय पुत्र अभि अभी अपने पिता की मौत से अनजान है। वह यही समझ रहा है कि पिता काम पर गए हैं और जल्द लौट आएंगे। वहीं गांव में शोक और परिवार में मातम का माहौल है। मां आशा और बहन सोनालिका का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर के बाहर पुलिस तैनात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार रात से ही पुलिस बल तैनात है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
