बड़ी खबरें
बंगाल कैबिनेट का हुआ विस्तार: स्वपन दासगुप्ता समेत कई मंत्रियों ने लिया शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हुई
13 कैबिनेट मंत्री, तीन स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री शामिल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को संपन्न हुआ। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कैबिनेट का हुआ विस्तार
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है। सरकार का मानना है कि विभिन्न विभागों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सुशासन को गति देने के उद्देश्य से यह विस्तार किया गया है।
अभी भी तीन पद रिक्त
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मंत्रियों की अधिकतम संख्या 44 हो सकती है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भी तीन मंत्री पद अभी रिक्त हैं, जिन्हें भविष्य में भरा जा सकता है।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी
शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों में स्वपन दासगुप्ता, दूध कुमार मंडल, दीपक बर्मन, मनोज उरांव, गौरी शंकर घोष, अर्जुन सिंह, तपस रॉय, शरद्वत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और शंकर घोष प्रमुख रहे। इनके अलावा अन्य नेताओं को भी विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीन विधायकों ने स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री के रूप में ली शपथ
भाजपा विधायक राजेश महाता, इंद्रनील खान और मालती रावा रॉय ने स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके अलावा 19 अन्य नेताओं को राज्य मंत्री बनाया गया है।
प्रशासनिक मजबूती पर सरकार का जोर
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह मंत्रिमंडल विस्तार सरकार की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई टीम से सरकार को जनहित से जुड़े कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद है।
