गोरखपुर
फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान राख
दमकल की छह गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका; घटना में कोई हताहत नहीं
गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुफ्तीपुर मोहल्ले में गुरुवार रात एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से लग्न के लिए तैयार फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात 9:48 बजे मिली आग की सूचना
अग्निशमन अधिकारी शांतनु यादव के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 9:48 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब आधे घंटे के प्रयास से आग पर नियंत्रण पाया गया। बाद में कुल छह दमकल गाड़ियों की मदद से आग पूरी तरह बुझाई गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, अग्निशमन विभाग वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटा है। गोदाम में हुए नुकसान का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
लग्न का फर्नीचर जलकर राख
गोदाम मालिक तौकीर आलम ने बताया कि रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। इसके बाद आग कैसे लगी, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि गोदाम में लग्न के लिए तैयार किया गया फर्नीचर और अन्य सामान जल गया है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया सहयोग
आग की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पार्षद शहाब अंसारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया, फिर आग की लपटें निकलने लगीं। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल आग से हुए नुकसान की वास्तविक राशि स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद आग लगने के कारण और नुकसान का सही आकलन सामने आएगा।
