Connect with us

वाराणसी

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री ने परखी तैयारियां, चीफ इंजीनियर को लगायी फटकार

Published

on

Loading...
Loading...


श्री राम मंदिर की रखी आधारशिला

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर वाराणसी में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल मेहंदीगंज-हरपुर का निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की बारीकियों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की।

प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल की परखी तैयारी, श्री राम मंदिर की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले मेहंदीगंज-हरपुर पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा होनी है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। जनसभा स्थल की व्यवस्था, पार्किंग की सुविधा और ट्रैफिक प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Advertisement

मेहंदीगंज-हरपुर में निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुधाम स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह मंदिर धार्मिक आस्था और संस्कृति का प्रतीक होगा।

काशी को मिलेगी कई सौगातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर वाराणसी में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर भी कार्य तेजी से चल रहा है। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लगभग 2250 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें वाराणसी एयरपोर्ट विस्तार परियोजना, रेलवे से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन, नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाएं, लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम द्वारा संचालित परियोजनाएं, वाराणसी विकास प्राधिकरण की योजनाएं तथा बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव मंदिर में टेका मत्था
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे सर्किट हाउस लौटे, जहां उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से संबंधित सभी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।

Advertisement

चीफ इंजीनियर की लगायी क्लास
सर्किट हाउस में हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने जल जीवन मिशन के चीफ इंजीनियर से पेयजल कनेक्शन की जानकारी मांगी। जवाब देने में असमर्थ अधिकारी को देखकर योगी नाराज हो गए और कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि आप लोगों को काम की कोई जानकारी ही नहीं है। आगे से पूरी रिपोर्ट लेकर आया करें।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। एसपीजी और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। शहर में प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी संबंधित विभागों को उनके कार्यों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

प्रधानमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा वाराणसी के विकास के लिए एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। काशीवासियों को इस दौरे से कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page