वाराणसी
पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हमले के मामले में अदालत का फैसला कल संभव
वाराणसी। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में पूर्व सांसद धंनजय सिंह पर जानलेवा हमला के मामले में सभी पक्षों के ओर से विधि व्यवस्था और लिखित बहस दाखिल की गई। अब मामले में 15 अप्रैल को फैसला आ सकता है। अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ताओं ने रूलिंग के हिसाब से लिखित बहस दाखिल की है।
अभियोजन के मुताबिक, चार अक्तूबर 2002 को तत्कालीन विधायक और जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से जौनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे अभय सिंह (वर्तमान में सपा विधायक) और उनके 4-5 साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर, चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे।
मामले में वादी धनंजय सिंह ने वर्तमान में अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना में नाम सामने आने पर पुलिस ने विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेंद्र सिंह को भी नामजद किया था। साथ ही अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इस मामले सुनवाई अंतिम दौर में चल रही है।
