गोरखपुर
पीएमश्री स्कूल सेमरी का स्व. ज्ञानदास राय इंटरमीडिएट कॉलेज गोला से हुआ युग्मन
छात्रों ने टीएलएम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान व डिजिटल सुविधाओं का किया अवलोकन
गोलाबाजार (गोरखपुर)। शासन के निर्देश के क्रम में पीएमश्री विद्यालयों का मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के साथ ट्विनिंग कार्यक्रम के अन्तर्गत विद्यालयों के बीच पारस्परिक सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण सृजन हेतु गगहा ब्लॉक के पीएमश्री स्कूल सेमरी का युग्मन गोला बाजार स्थित स्व0 ज्ञानदास राय इंटरमीडिएट कॉलेज से किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युग्मित विद्यालयों के बीच अकादमिक और सह पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधियों, विचारों, दृष्टिकोणों, शिक्षण विधियों, तकनीकों की पहचान और सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं को साझा करने हेतु अवसर प्रदान करने के साथ ही ‘पियर लर्निंग’ और ‘ग्रुप लर्निंग’ के लिए वातावरण प्रदान करके सीखने की प्रक्रिया को गतिशीलता एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।
बच्चों और अध्यापकों का हुआ भव्य स्वागत
पीएमश्री स्कूल सेमरी के बच्चों और अध्यापकों का कॉलेज प्रशासन द्वारा रोरी – चंदन, फूल – माला और प्रतीक चिह्न आदि के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। बच्चों और अध्यापकों ने अपने अपने अनुभव और विचार एक दूसरे से साझा किया।
बच्चों ने विभिन्न विषयों से संबंधित टीएलएम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल के मैदान, डिजिटल सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक और राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि यह कार्यक्रम निश्चित रूप से दोनों विद्यालय के बच्चों के क्षमता संवर्द्धन और उनके अधिगम स्तर में सुधार में अति प्रभावी सिद्ध होगा।
यह कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखपुर धीरेन्द्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन, खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ0 प्रदीप शर्मा के निर्देशन और ब्लॉक अध्यक्ष डॉ0 सुमंत सिंह के नेतृत्व में सकुशल सम्पन्न हुआ।
ट्विनिंग कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सदन तिवारी, सहायक अध्यापक राम सिंह, पंकज कुमार गुप्ता, गुलाब, अशोक कुमार चौहान, प्रिन्स का योगदान सराहनीय रहा।
