Connect with us

गाजीपुर

पीएनबी का पासबुक प्रिंटर कई दिनों से खराब

Published

on

Loading...
Loading...

ग्राहकों को हो रही परेशानी

स्टेशन बाजार शाखा में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे ग्राहक लौट रहे खाली हाथ, बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत

जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में पासबुक प्रिंटर पिछले कई दिनों से खराब पड़ा होने के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पासबुक में लेनदेन की जानकारी अपडेट कराने के लिए बैंक पहुंच रहे ग्राहकों को प्रिंटर खराब होने की जानकारी देकर वापस लौटना पड़ रहा है। कई ग्राहक बार-बार बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जिससे उनमें नाराजगी भी देखी जा रही है।

पासबुक अपडेट कराने पहुंच रहे ग्राहक लौट रहे वापस

ग्राहकों का कहना है कि वे पासबुक प्रिंट कराने के लिए बैंक पहुंचते हैं, लेकिन कर्मचारियों द्वारा प्रिंटर खराब होने की बात बताई जाती है। इसके बाद उन्हें बिना पासबुक अपडेट कराए वापस लौटना पड़ता है। लंबे समय से यह समस्या बनी रहने के कारण कई ग्राहकों को दोबारा बैंक आना पड़ रहा है।

मोबाइल ऐप की सलाह, लेकिन सभी के पास नहीं स्मार्टफोन

बैंक की ओर से ग्राहकों को लेनदेन की जानकारी के लिए मोबाइल में पीएनबी वन ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी जा रही है। हालांकि ग्राहकों का कहना है कि सभी लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है और कई लोग आज भी कीपैड मोबाइल का उपयोग करते हैं। ऐसे ग्राहकों के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से बैंकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त करना आसान नहीं है।

Advertisement

पूर्व सभासद ने जताई नाराजगी

वहां मौजूद पूर्व सभासद पंकज निगम ने बताया कि वह स्वयं कई बार पासबुक प्रिंट कराने के लिए बैंक पहुंचे, लेकिन हर बार प्रिंटर खराब होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि बैंक जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में लंबे समय तक पासबुक प्रिंटर खराब रहना ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए इसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाना चाहिए।

बुजुर्ग और बिना मोबाइल बैंकिंग वाले ग्राहक परेशान

ग्राहक जितेंद्र और संतोष ने बताया कि पासबुक में लेनदेन का रिकॉर्ड अपडेट कराना जरूरी होता है। विशेषकर बुजुर्ग और ऐसे ग्राहक जो मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल नहीं करते, उनके लिए पासबुक ही खाते के लेनदेन की जानकारी का प्रमुख माध्यम है। प्रिंटर खराब होने से ऐसे लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एक-दो दिन में ठीक होने की उम्मीद

इस संबंध में शाखा प्रबंधक सुमित कुमार सिंह ने बताया कि पासबुक प्रिंटर खराब हुए करीब एक सप्ताह से दस दिन हो चुके हैं। इसे ठीक कराने के लिए संबंधित तकनीशियन को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रिंटर बनाने वाला व्यक्ति दूर से आता है और एक-दो दिनों में इसके ठीक होने की उम्मीद है। प्रिंटर सही होने के बाद ग्राहकों को पासबुक अपडेट कराने में हो रही परेशानी दूर हो जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page