राज्य-राजधानी
पनकी फैक्ट्री : चार मजदूरों के परिजनों को मिलेंगे दो-दो लाख रुपये
कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में तीन माह पूर्व दम घुटने से जान गंवाने वाले देवरिया के चार मजदूरों के आश्रितों को सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की जाएगी।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर मृतकों के परिजनों को यह आर्थिक मदद स्वीकृत की गई है। उन्होंने घटना के बाद परिजनों से मुलाकात कर सहायता दिलाने का आश्वासन दिया था। चारों मृतक देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम तवक्कलपुर निवासी थे। इनमें अमित बरनवाल (32), राहुल सिंह (23), संजीव उर्फ संजू सिंह (22) और दाऊद अंसारी (28) शामिल थे। ये सभी पनकी थाना क्षेत्र स्थित साइट नंबर-2 बी पर निर्माणाधीन ऑयल सीड्स फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे।
ठंड से बचने को जलाई अंगीठी, बंद कमरे में भर गया धुआं
घटना 19 नवंबर की रात की है। भोजन के बाद चारों युवक ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के कारण कमरे में धुआं भर गया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
सुबह दरवाजा तोड़ने पर चला घटना का पता
अगली सुबह सहकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो चारों युवक मृत अवस्था में मिले। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना पाया गया।
गांव पहुंचते ही छा गया मातम
जब चारों के शव उनके गांव तवक्कलपुर पहुंचे, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रशासन बोला- औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
प्रशासन ने कहा है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अब चारों मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
