गाजीपुर
पत्नी से मिलने आये 50 हजार के इनामी शूटर को एसटीएफ ने दबोचा
कासिमाबाद (गाजीपुर) जयदेश। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कासिमाबाद थाना क्षेत्र से वांछित 50 हजार रुपये के इनामी शूटर संदेश चौधरी को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त संदेश चौधरी पुत्र मोहन चौधरी, निवासी मल्हापुरवा थाना करंडा,गाजीपुर है। उसकी गिरफ्तारी कासिमाबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के पास रसड़ा जाने वाली सड़क से सुबह लगभग 6:30 बजे की गई।
बताया गया कि अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा संख्या 14/2026 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ मुख्यालय के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर लगातार सूचना संकलन किया जा रहा था।
इसी दौरान एसटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अपनी पत्नी से मिलने के लिए गाजीपुर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ एक घटना में शामिल था, जिसमें विवाद के दौरान दीपक नामक व्यक्ति को गोली मार दी गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। फरारी के दौरान वह बिहार, दिल्ली और नोएडा में छिपकर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जो गाजीपुर और वाराणसी के थानों में पंजीकृत हैं। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त को संबंधित थाने में दाखिल कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
