Connect with us

गाजीपुर

नहर पटरी की बदहाली से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी, सड़क निर्माण की उठी मांग

Published

on

Loading...
Loading...

झाड़ियों और जंगली घास से घिरा मार्ग, आवागमन हुआ दुश्वार

इब्राहिमपुर (गाजीपुर)। इब्राहिमपुर से सटी शारदा सहायक नहर की पटरी पर स्थित लगभग एक किलोमीटर लंबा मार्ग बदहाल स्थिति में होने के कारण क्षेत्रीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजहरी से होकर गुरमुजपुर ग्राम सभा तक जाने वाले इस मार्ग पर घनी झाड़ियां और जंगली घास उग आने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

सांप काटने से हो चुकी है एक व्यक्ति की मौत

ग्रामीणों तथा सेवानिवृत्त उद्योग अधिकारी रामजी सिंह, जिनका फार्म हाउस भी नहर पटरी के किनारे स्थित है, ने बताया कि कुछ समय पूर्व चौहान पुरवा निवासी एक व्यक्ति इसी रास्ते से गुजर रहा था, तभी उसे सांप ने काट लिया था। उपचार के अभाव में उसकी मौत हो गई। इसके बावजूद मार्ग की सफाई और मरम्मत की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

संपर्क मार्ग बनने की है बड़ी संभावना

Advertisement

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इब्राहिमपुर से चौहान पुरवा होते हुए ओड़ासन और वृंदावन मार्ग को जोड़ने वाले इस नहर पटरी मार्ग पर खड़ंजा या डामरीकरण करा दिया जाए, तो यह क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन सकता है।

इस सड़क के निर्माण से ओड़ासन, गोपालपुर, चौहान बस्ती, वृंदावन सहित आसपास के पूर्वी और पश्चिमी गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही बिजहरी, इब्राहिमपुर और राजापुर तक की दूरी भी कम हो जाएगी।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्रीय विधायक से नहर पटरी की तत्काल सफाई कराकर सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग विकसित होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित इस मार्ग की सुध लेकर यदि इसे पक्का कराया जाए, तो यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page