Connect with us

वाराणसी

नकली नोटों की गड्डियां देकर ठग ले उड़े 45 लाख के आभूषण

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के लक्सा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 45 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने सीलबंद सूटकेस में 500 रुपये के नकली नोटों की 90 गड्डियां देकर 285 ग्राम सोने के आभूषण हासिल कर लिए। मामले में पीड़ित व्यापारी ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठठेरी बाजार स्थित एन.डी. सर्राफ ज्वेलर्स होलसेल प्रा. लि. के निदेशक राधाकृष्ण अग्रवाल ऑनलाइन ज्वेलरी कारोबार करते हैं। 13 अप्रैल 2026 को पुणे के कथित कारोबारी रोहित, रोहन और मनोज जैन ने उनसे संपर्क किया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने विश्वास हासिल करते हुए करीब 45 लाख रुपये मूल्य के 285 ग्राम सोने के आभूषण खरीदने पर सहमति जताई। वीडियो कॉल के माध्यम से आभूषण पसंद करने के बाद उन्होंने ऑनलाइन भुगतान में दिक्कत बताई और वाराणसी के लक्सा स्थित पीडीआर माल के पास नकद भुगतान का प्रस्ताव दिया।

निर्धारित स्थान पर पहुंचे पीड़ित के कर्मचारियों को आरोपियों के भेजे गए लोगों ने सीलबंद सूटकेस में 500 रुपये के नोटों की 90 गड्डियां सौंप दीं और आभूषण लेकर चले गए। सीलबंद गड्डियों को देखकर कर्मचारियों ने बिना जांच के रकम स्वीकार कर ली। अगले दिन जब भुगतान के लिए नोट खोले गए तो गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट जबकि अंदर नकली नोट पाए गए। जांच के दौरान पूरी रकम नकली होने की आशंका जताई गई।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से विश्वास में लेकर ठगी को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारी सदमे में है और पुलिस से जल्द कार्रवाई कर माल बरामद करने की मांग कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। माना जा रहा है कि पुलिस को कुछ सुराग भी मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।

इस घटना के बाद वाराणसी के ज्वेलरी कारोबारियों में भय का माहौल है। व्यापारी वर्ग ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page