वाराणसी
अकेले रह रही वृद्धा की मौत, सऊदी से बेटी ने वीडियो कॉल पर देखा शव
वाराणसी। दुर्गाकुंड क्षेत्र के कबीर नगर कॉलोनी स्थित एमआईजी बिल्डिंग के एक फ्लैट में अकेली रह रही 70 वर्षीय माधुरी विश्वास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद सऊदी अरब में रह रही उनकी बेटी देबूश्री ने वीडियो कॉल के जरिए मां के शव को देखा और इसे स्वाभाविक मृत्यु बताते हुए पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बीएचयू एसएस अस्पताल में नर्स के पद से सेवानिवृत्त माधुरी विश्वास फ्लैट में अकेले रहती थीं। बीते गुरुवार सुबह उन्होंने अस्पताल जाने के लिए कैब बुक की थी। जब कैब चालक उनके फ्लैट पर पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी असफल रही। करीब 20 से 25 मिनट तक इंतजार के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसी दौरान दूध देने वाला भी पहुंच गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और कॉलोनी निवासी आशीष ने डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना पर दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज विकास मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाथरूम के पीछे से किसी तरह फ्लैट में प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर माधुरी विश्वास बेड पर बिना कपड़ों के पड़ी मिलीं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि रात में उन्होंने स्नान किया था, कपड़े बाल्टी में रखे थे और अन्य वस्त्र बेड पर रखे थे।
वीडियो कॉल पर बेटी देबूश्री ने चौकी इंचार्ज को बताया कि उनकी मां की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उन्हें हृदय संबंधी बीमारी थी। बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों के बीच अंतिम बातचीत हुई थी, जिसमें माधुरी ने अगले दिन अस्पताल जाने की बात कही थी। बेटी ने वीडियो कॉल पर मां का शव देखा और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद कमच्छा निवासी हीनादास समेत अन्य रिश्तेदारों को बुलाया गया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि बेटी ने उच्चाधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र और वीडियो रिकॉर्डिंग भेजकर पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया था। इसके आधार पर पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
