Connect with us

गोरखपुर

दो बच्चों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम मेहड़ा स्थित सरयू नदी घाट पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेहड़ा मंदिर के पास सरयू नदी में स्नान करने गए तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गांव के एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी। युवक ने दो बच्चों को बाहर निकाला, जिनमें एक बच्ची की जान बच गई, जबकि एक बालक की मौत हो गई। बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से दूसरी बच्ची को भी नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार गोला सत्येंद्र कुमार मौर्य राजस्व टीम के साथ तथा प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों को सीएचसी गोला लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गोला पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रिंस (11) पुत्र ओमकार, शिवानी (13) पुत्री ओमकार निवासी ग्राम उसरी थाना सिकरीगंज तथा माया (16) पुत्री विष्णु निवासी मेहड़ा, मेहड़ा मंदिर के पास सरयू नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस स्थान पर बच्चे डूबे, वहां सरयू नदी की गहराई करीब 40 फुट से अधिक बताई जा रही है। बच्चों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही गांव के युवक चंद्रमाल यादव उर्फ चंदू मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।

युवक ने दिखाई बहादुरी, दो बच्चों को बाहर निकाला

Advertisement

चंदू यादव ने बताया कि नदी में उसे गुलाबी रंग का कपड़ा दिखाई दिया। जब उसने उसे पकड़कर बाहर निकाला तो वह माया थी। इसके बाद उसने दोबारा नदी में छलांग लगाकर प्रिंस को बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चों के पेट से पानी निकालने का प्रयास किया गया। माया की सांस चल रही थी, जबकि प्रिंस की हालत गंभीर थी। आनन-फानन में प्रिंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं माया का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दो घंटे बाद मिला शिवानी का शव

तीसरी बच्ची शिवानी की तलाश भी चंदू द्वारा काफी देर तक की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद शिवानी को नदी से बाहर निकाला गया। उसे भी सीएचसी गोला भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ननिहाल घूमने आए थे भाई-बहन

बताया जा रहा है कि मृतक प्रिंस और शिवानी ग्राम मेहड़ा निवासी मथुरा के नाती-नातिन थे। दोनों अपनी मां विनिता के साथ एक सप्ताह पहले विद्यालय बंद होने के बाद ननिहाल आए थे। विनिता की ससुराल ग्राम उसरी थाना सिकरीगंज में है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Advertisement

सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह एवं तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश में जुटा रहा। हालांकि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही गांव के युवक चंदू यादव दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल चुके थे।

प्रिंस और शिवानी के शवों को सीएचसी गोला में डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद गोला पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page