गोरखपुर
थाने के बाहर युवती के नशीला पदार्थ पीने से हड़कंप
जिस युवक पर दर्ज कराई थी एफआईआर, उसी से शादी कराने की मांग; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
चौरी चौरा थाने के बाहर युवती के बेहोश होने से मची अफरा-तफरी, पुलिस मामले की जांच में जुटी
गोरखपुर। चौरी चौरा थाना परिसर के बाहर शनिवार को एक युवती के कथित रूप से नशीला पदार्थ पी लेने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, युवती उस युवक से शादी कराने की मांग कर रही थी, जिसके खिलाफ उसने कुछ दिन पहले शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। युवती के बेहोश होने पर पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत अब सामान्य है।
पहले दर्ज कराई थी एफआईआर
पुलिस के मुताबिक, देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने 23 जुलाई को चौरी चौरा निवासी धनंजय निषाद के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 24 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाने पहुंचकर शादी कराने की रखी मांग
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर युवती फिर चौरी चौरा थाने पहुंची और जेल में बंद युवक से शादी कराने की मांग करने लगी। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने के बाद वह थाने के बाहर चली गई और कथित रूप से अपने पास रखा नशीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ी।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और युवती को पुलिस वाहन से चौरी चौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
तीन साल तक शादी का झांसा देने का आरोप
युवती का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन वर्षों से शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर अलग-अलग समुदाय का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस का पक्ष
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि युवती उसी युवक से शादी कराने की मांग कर रही थी, जिसके खिलाफ उसने स्वयं एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, शिकायत पर आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। युवती को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया और उसकी स्थिति सामान्य है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
