जौनपुर
जौनपुर में संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस के स्वागत की तैयारियां पूरी
18 जुलाई को जौनपुर सिटी स्टेशन पर होगा भव्य कार्यक्रम, रविदासिया समाज करेगा ट्रेन का स्वागत
वाराणसी से अमृतसर तक जुड़ेंगे श्रद्धालुओं के प्रमुख केंद्र, यात्रियों को मिलेगी बेहतर रेल सुविधा
जौनपुर। संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस के पहली बार जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार 18 जुलाई को स्टेशन परिसर में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से इस नई रेल सेवा को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी रमेश बौद्ध और रमेश चंद्र गौतम करेंगे। उनके नेतृत्व में रविदासिया समाज के लोग शनिवार सुबह 11 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और समाज के गणमान्य लोगों की भी भागीदारी रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने भी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वाणिज्य विभाग की ओर से आरक्षण पर्यवेक्षक अनुराग तिवारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वागत व्यवस्था को लेकर रेलवे अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बताया गया कि संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी और तपोस्थली अमृतसर को सीधे रेल मार्ग से जोड़ती है। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी सुविधाजनक और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस नई ट्रेन सेवा का स्वागत करते हुए इसे जौनपुर क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।
