गोरखपुर
जिला कारागार में “एक नई आशा” का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
गोरखपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था “एक नई आशा” की ओर से जिला कारागार शाहपुर, गोरखपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज के उपेक्षित वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिलीप कुमार पाण्डेय (सुपरिटेंडेंट) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अरुण कुमार कुशवाहा (जेलर) उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।
शिविर के दौरान डॉ. शक्ति गोयल (डेंटल एवं कॉस्मेटिक विशेषज्ञ) एवं डॉ. शशांक गोयल (हड्डी जोड़ एवं नस रोग विशेषज्ञ) ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और उपस्थित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. निशि अग्रवाल ने की। संचालन की जिम्मेदारी कनक हरि अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल एवं निधि अग्रवाल ने संभाली। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। संस्था के सदस्यों और सहयोगियों के समन्वित प्रयास से आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक आशीष छापड़िया एवं सीमा छापड़ियाजी ने सभी अतिथियों और चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अंत में संस्था की ओर से अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में उमा गोयल, आशा अग्रवाल, आभा भगत, गार्गी अग्रवाल, सविता टिबरेवाल, तन्वी अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, ललित मांडन, कनिष्क हरि सहित संस्था के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
