Connect with us

वाराणसी

जल जीवन मिशन की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, सितंबर तक बढ़ाएं श्रमिकों की संख्या

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम सत्येंद्र कुमार ने 135 योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर, 74 को दिसंबर और 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक पूरा कराने का दिया लक्ष्य

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

135 योजनाएं 90 से 99 प्रतिशत तक पूरी

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 90 से 99 प्रतिशत तक प्रगति वाली 135 पेयजल योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कराया जाना है। वहीं 75 से 90 प्रतिशत प्रगति वाली 74 योजनाओं को दिसंबर 2026 तथा 50 से 75 प्रतिशत प्रगति वाली 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सितंबर 2026 तक आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या में वृद्धि की जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से पूरे किए जा सकें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

लंबित मामलों की होगी नियमित समीक्षा

बैठक में तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एनओसी के मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन मामलों की साप्ताहिक समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक माह भौतिक बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।

Advertisement

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार मौके पर निगरानी करते हुए बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), परियोजना प्रबंधक मेसर्स एलएंडटी, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page