वाराणसी
चेतगंज पुलिस ने मोबाइल स्नैचर को दबोचा, चोरी का फोन बरामद
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक 1 मार्च 2026 को लहुराबीर चौराहे के पास विद्या गुप्ता से अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल और पर्स छीन लिया था। इस संबंध में चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की सहायता से आरोपी की पहचान की।
इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 की रात लकड़ी मंडी चौराहे के पास हनुमान मंदिर के समीप से पुलिस ने सुखदेव पासी (20 वर्ष), निवासी पंचकोशी थाना सारनाथ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से छिनैती में लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
