Connect with us

वाराणसी

चिकित्सकीय पैरोल पर बाहर आए आसाराम ने काशी विश्वनाथ धाम में किए दर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

12 साल बाद हरहुआ आश्रम में बढ़ी चहल-पहल, अनुयायियों की उमड़ी भीड़

वाराणसी। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे और चिकित्सकीय आधार पर पैरोल पर बाहर आए आसाराम रविवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में जाकर बाबा का दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उनका काफिला हरहुआ स्थित आश्रम के लिए रवाना हो गया।

बताया जाता है कि आसाराम पिछले दो दिनों से हरहुआ के अनौरा स्थित अपने आश्रम में ठहरे हुए हैं। जानकारी के अनुसार वह शुक्रवार से ही आश्रम में रह रहे हैं। उनके वहां ठहरने की खबर फैलते ही बिहार सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अनुयायी आश्रम पहुंचने लगे। लगभग 12 वर्ष बाद आश्रम में फिर से चहल-पहल दिखाई दी और लग्जरी वाहनों की आवाजाही से आसपास का इलाका भर गया। इससे स्थानीय लोगों को भी उनके आश्रम में होने की जानकारी हुई।

आश्रम परिसर में सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। सत्संग हाल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अनुयायी की पहचान की जा रही है तथा मोबाइल फोन मुख्य द्वार पर ही जमा कराने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सेवादारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आश्रम के भीतर की किसी भी गतिविधि की तस्वीर या वीडियो बाहर न जाए। यदि कोई छिपकर वीडियो बनाते हुए पकड़ा जाता है तो उसे तुरंत डिलीट कराया जा रहा है। बताया गया कि दोपहर में आसाराम ने कुछ समय के लिए अनुयायियों को संबोधित भी किया।

भीड़ बढ़ने के कारण दोपहर करीब दो बजे उनका काफिला अलईपुर स्थित आश्रम के लिए रवाना हो गया था। वहां से गंगा दर्शन करने के बाद वे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page