गाजीपुर
गाजीपुर में एसपी सिटी और सीओ ट्रैफिक कार्यालय के नए भवन का भूमि पूजन
गाजीपुर। जनपद में पुलिस व्यवस्था को बेहतर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। थाना कोतवाली क्षेत्र के विशेश्वरगंज में पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय और पुलिस उपाधीक्षक यातायात कार्यालय के प्रस्तावित नए भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।

पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, वाराणसी ने जिलाधिकारी गाजीपुर और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की मौजूदगी में विधि-विधान से भूमि पूजन कराया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि की पूजा की गई और नए भवन के शांतिपूर्ण एवं सुदृढ़ निर्माण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने स्थानीय दुकानदार से शिलापट्ट की डोरी खिंचवाकर शिलान्यास कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित भवन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ ही आम नागरिकों की जनसुनवाई के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाएं विकसित करना है।

बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र में बनने वाला नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। वहीं, अपनी शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों के बैठने तथा जनसुनवाई के लिए भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स, थाना प्रभारी कोतवाली समेत पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
