गाजीपुर
गाजीपुर में रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था चरमराई
गाजीपुर (जयदेश)। भीषण गर्मी के बीच जिले के रेलवे स्टेशनों और हाल्टों पर पेयजल की व्यवस्था गंभीर सवालों के घेरे में है। जनपद के 28 रेलवे स्टेशन और हाल्टों से प्रतिदिन लगभग 50 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं, लेकिन इन यात्रियों के लिए ठंडा और शुद्ध पानी उपलब्ध कराने हेतु केवल 13 वाटर कूलर लगाए गए हैं। स्थिति और चिंताजनक तब हो जाती है जब इनमें से तीन कूलर ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी दे रहे हैं। करीब 28 प्रतिशत यानी सात से अधिक स्टेशनों पर समुचित पेयजल व्यवस्था तक नहीं है। यात्रियों को विवशता में बोतल वाला पानी खरीदना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के वाराणसी-छपरा, औड़िहार-गोरखपुर, गाजीपुर-दिलदारनगर और दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर स्थित गाजीपुर सिटी, आंकुसपुर, सहेड़ी, नंदगंज, बासूचक, तराव, सैदपुर भितरी, औड़िहार, गाजीपुर घाट, फतेहपुर अटवा, शहबाजकुली, ढोढाडीह, यूसुफपुर, करीमुद्दीनपुर, ताड़ीघाट, दिलदारनगर, सादात, जखनिया, दुल्लहपुर, भदौरा, करहिया, गहमर और जमानिया जैसे स्टेशनों पर पेयजल की स्थिति संतोषजनक नहीं है। जंक्शन और बड़े स्टेशनों पर कुछ राहत जरूर है, लेकिन जहां वाटर कूलर नहीं हैं या खराब हैं, वहां यात्री नलों के सहारे प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
हाल्ट स्टेशनों की स्थिति सबसे अधिक खराब है, जहां एक-दो हैंडपंप ही सहारा हैं और उनमें से भी अधिकांश खराब पड़े हैं। ऐसी स्थिति में यात्रियों को मजबूरन दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है। दानापुर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था सुधारने की दिशा में कार्य जारी है।
गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लगा वाटर कूलर ठंडा पानी देने में असमर्थ है, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर केवल फाउंडेशन बनाकर छोड़ दिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निरीक्षण के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।
वाराणसी-छपरा रेलखंड के नंदगंज स्टेशन पर लगे नलों की टोटियां टूटी या खराब हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। यहां प्रतिदिन 23 गांवों से करीब 1300 यात्री आते हैं। वहीं औड़िहार जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर भी वाटर कूलर से गर्म पानी मिल रहा है, जिससे यात्रियों में नाराजगी है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन का कहना है कि जहां भी कमियां हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कराया जाएगा और गाजीपुर सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
