Connect with us

वाराणसी

काशी दौरे पर 28 अप्रैल को आएंगे प्रधानमंत्री, बरेका में करेंगे जनसभा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पीएम नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर बाद वाराणसी आएंगे और बरेका परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए काशी समेत देश को छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज कर दी गई हैं और प्रधानमंत्री के रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन उनके प्रस्थान की योजना है।

जनसभा को देखते हुए बरेका परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बीते शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, आवागमन मार्ग, पार्किंग, हैलीपैड और गेस्ट हाउस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से बरेका पहुंचेंगे। जिला प्रशासन लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं की सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री लगभग 2460 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, पुलिसिंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे, जिनकी कुल लागत छह हजार करोड़ रुपये से अधिक होगी। हालांकि इन परियोजनाओं की अंतिम सूची एक-दो दिन में तय होने की संभावना है।

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री कार्यालय की उच्चस्तरीय टीम ने लगातार दूसरे दिन काशी के विकास कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी और समग्र विकास की स्थिति से अवगत कराया।

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस समय लगभग 17 हजार 862 करोड़ रुपये की लागत से 127 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें कई परियोजनाएं पूर्णता के करीब हैं। इनमें कज्जाकपुरा आरओबी का लोकार्पण, कादीपुर में रेल ओवर ब्रिज, चंद्रावती क्षेत्र के विकास कार्य, यूपी कॉलेज में एस्ट्रो टर्फ, भगवानपुर में 55 एमएलडी एसटीपी, पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण, बीएचयू में सीसीयू और रामनगर में वृद्धा आश्रम जैसी योजनाएं शामिल हैं।

Advertisement

इसके अलावा शिलान्यास की संभावित परियोजनाओं में नगर निगम का 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला भवन, लोहता में 274.31 करोड़ रुपये का 60 एमएलडी एसटीपी, 18 वार्डों में 259 करोड़ रुपये की सीवर व पेयजल योजना तथा सिगरा क्षेत्र में पार्किंग कॉम्प्लेक्स जैसे कार्य प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page