मिर्ज़ापुर
ऑपरेशन के नाम पर वसूली का आरोप, पीड़ित आदिवासी ने लगाई न्याय की गुहार
वीडियो वायरल होने के बाद भी कार्रवाई में देरी का आरोप, हड्डी रोग विशेषज्ञ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर धन वसूली के आरोपों से घिरे हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार भारती के विरुद्ध कार्रवाई में देरी से नाराज एक पीड़ित आदिवासी (मुसहर) शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि मंडलीय अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर उससे अवैध रूप से पैसे की मांग की गई और वसूली भी की गई। इस मामले का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने आरोपी चिकित्सक को ओपीडी और ऑपरेशन कार्य से अलग करते हुए मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए थे।
पीड़ित का कहना है कि जांच शुरू होने के बावजूद अब तक आरोपी चिकित्सक के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे वह न्याय मिलने को लेकर चिंतित है। उसने विभागीय अधिकारियों पर मामले को दबाने और आरोपी चिकित्सक को बचाने का भी आरोप लगाया है।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि यह मामला मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मंडलीय अस्पताल का है, जहां कथित रूप से ऑपरेशन के नाम पर अवैध धन वसूली का आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल मामले की विभागीय जांच जारी है और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट एवं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
