गाजीपुर
एनएच-31 पर ट्रेलर ने खड़ी ट्रक में मारी टक्कर, 8 किलोमीटर लंबा जाम
भांवरकोल चट्टी पर रात एक बजे हुआ हादसा, ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल
भांवरकोल (गाजीपुर)।राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भांवरकोल चट्टी के सामने शुक्रवार की रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से गोरखपुर की ओर बालू लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (BR 44 GA 7609) ने सड़क किनारे खड़ी बालू लदी ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में चालक की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सात से आठ किलोमीटर तक लगा जाम
हादसे के बाद एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मिर्जापुर से पहमपुर तक करीब सात से आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रात एक बजे से शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक वाहन रेंगते नजर आए। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्रेन से हटाया जाएगा क्षतिग्रस्त ट्रेलर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना अध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। वाहन हटवाकर यातायात को जल्द से जल्द सुचारू कराने की कार्रवाई की जा रही है।
