वाराणसी
इन्फ्लुएंसर्स पर भारी पड़े संत अतुलानंद स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी, रोमांचक मुकाबले में दर्ज की जीत
वाराणसी के कोइराजपुर स्थित संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल में एक दिवसीय मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला काशी के लोकप्रिय इन्फ्लुएंसर्स और संत अतुलानंद स्पोर्ट्स अकादमी के युवा खिलाड़ियों के बीच खेला गया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संत अतुलानंद स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने 10 ओवर में 143 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में काशी इन्फ्लुएंसर्स की टीम 127 रन ही बना सकी और मुकाबला अकादमी की टीम ने अपने नाम कर लिया।मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश देखने लायक रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संत अतुलानंद रचना परिषद के सचिव राहुल सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कुछ गेंदें भी खेलीं।
प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी के लिए अमन सिंह को “बेस्ट बैट्समैन” चुना गया, जबकि रवि को “बेस्ट बॉलर” का पुरस्कार मिला। वहीं संत अतुलानंद स्पोर्ट्स अकादमी के कोच धीरज को “मैन ऑफ द सीरीज” से सम्मानित किया गया।इस अवसर पर आयोजक कुंवर पूर्णेन्दु सिंह, हिमांशु मिश्रा, प्रिंस सिंह समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षक और काशी के इन्फ्लुएंसर्स मौजूद रहे।
