Connect with us

वाराणसी

इंग्लिशिया लाइन से भेलूपुर तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी, कई मकान और दुकानों पर गिरेगी गाज

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए इंग्लिशिया लाइन से रथयात्रा, कमच्छा (जलकल कार्यालय), संकुलधारा पोखरा होकर भेलूपुर चौराहा (विजया माल) तक सड़क को 26 मीटर चौड़ा किए जाने की योजना पर काम आगे बढ़ गया है। लोक निर्माण विभाग की इस परियोजना में सड़क के दोनों ओर बने कई मकान और दुकानें अधिग्रहण की जद में आएंगी। प्रभावित संपत्तियों को लेकर नोटिस जारी किए जा रहे हैं और उन्हें उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया भी तय की जा रही है।

वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई कई स्थानों पर केवल 12 से 15 मीटर है, जिसके कारण विशेषकर रथयात्रा से कमच्छा तक चौड़ीकरण में सबसे अधिक चुनौती सामने है। विभाग ने सर्वे पूरा कर शुरुआती डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेज दी है।

इस सड़क को आगे चलकर लहरतारा–भेलूपुर (वाया BHU) मार्ग से जोड़ा जाएगा। साथ ही गिलट बाजार पुलिस चौकी के पास से यह रास्ता रिंग रोड और एयरपोर्ट से भी कनेक्ट होगा।

शहर में हाईवे और रिंग रोड से जुड़ने वाली पाँच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की भी प्रक्रिया चल रही है। मोहनसराय से बौलिया तक सड़क सिक्सलेन बनाई जा रही है, जिससे बाहरी वाहनों को तो राहत मिल रही है, पर शहर के भीतर जाम की समस्या बढ़ रही है। उसी का समाधान इंग्लिशिया लाइन–भेलूपुर रोड के चौड़ीकरण को माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों ने इस मार्ग पर बढ़ते जाम का मुद्दा उठाया था। प्रशासन व लोक निर्माण विभाग ने परियोजना का पूरा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। 660 करोड़ रुपये लागत वाले इस प्रस्ताव में सिविल वर्क, बीटीएस और जलकल सहित भवनों की क्षतिपूर्ति व यूटिलिटी शिफ्टिंग की लागत शामिल है।

Advertisement

शासन की स्वीकृति मिलते ही लोक निर्माण विभाग राजस्व विभाग तथा बिजली विभाग से आने वाले खर्च का विवरण मांगेगा। चौड़ीकरण की कार्रवाई इंग्लिशिया लाइन, साजन तिराहा, सिगरा, रथयात्रा चौराहा, बीटीएस की बाउंड्री, राजबंधु, कमच्छा, जलकल कार्यालय, संकुलधारा पोखरा, खोजवा, चेतमणि चौराहा होते हुए भेलूपुर चौराहा (विजया माल) तक की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page