वाराणसी
आम के बगीचे में मिला वृद्ध का शव
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक 60 वर्षीय वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मृतक की पहचान अर्जुनपुर निवासी राजेंद्र दुबे (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले लगभग 30 वर्षों से वाराणसी के बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। करीब दस दिन पहले वह घर से यह कहकर निकले थे कि अपने पैतृक गांव अर्जुनपुर में गेहूं की मड़ाई कराने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
शुक्रवार को उनका शव गांव के एक आम के बगीचे में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला, जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची कपसेठी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मृतक के पास से आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर तथा करीब तीन हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। राजेंद्र दुबे अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी निर्मला देवी का वर्ष 2024 में निधन हो चुका है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल है, जबकि परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
