वाराणसी
धार्मिक आयोजन में 55 जोड़ों ने लिए सात फेरे, क्रीं-कुंड बना साक्षी
वाराणसी। रविन्द्रपुरी स्थित बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में अघोराचार्य महाराज बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस पर शुक्रवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 55 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को अवतरण दिवस के आयोजन के साथ हुई, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच आशीर्वाद प्राप्त किया।
अघोराचार्य के मार्गदर्शन में अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस सामूहिक विवाह में देशभर से चयनित जरूरतमंद परिवारों के युवक-युवतियों का विवाह संपन्न कराया गया। आयोजन की खास बात यह रही कि वर-वधू पक्ष को किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। आवागमन, विवाह सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संस्थान व सहयोगियों द्वारा उपलब्ध कराई गईं।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हल्दी व अन्य रस्में संपन्न हुईं, वहीं लोकगीतों ने कार्यक्रम को पारिवारिक माहौल दिया। रात्रि में भव्य सजावट, खानपान और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण ने समारोह को और आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में प्रियदर्शी बाबा, कर्मवीर बाबा, आह्वान अखाड़ा के पीठाधीश्वर अवधूत अरुण गिरी महाराज, प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, अनूप कुमार सिंह तथा संयोजिका रूबी सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा।
