गोरखपुर
अपंजीकृत अस्पताल में पूर्व सैनिक की मौत पर हंगामा
इलाज में लापरवाही का आरोप, पूर्व सैनिक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया नोटिस
गोरखपुर। जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौराहे के पास स्थित लाइफ मेडिकेयर मेडिकल स्टोर में अवैध रूप से संचालित अस्पताल में इलाज के दौरान 70 वर्षीय पूर्व सैनिक श्याम लाल यादव की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और तोड़-फोड़ की, जिसमें सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया कि संबंधित अस्पताल का कोई पंजीकरण नहीं है। इस पर अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया गया है। हालांकि अस्पताल की पहली मंजिल पर परिवार के रहने के कारण फिलहाल उसे सील नहीं किया गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के भरवल गांव निवासी श्याम लाल यादव की तबीयत मंगलवार को बिगड़ने पर स्वजन उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराए थे। परिजनों का कहना है कि इलाज के बावजूद मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने चिकित्सक के सहायक से मरीज को डिस्चार्ज कर किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने रेफर नहीं किया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई देवी लाल ने बताया कि शुरुआत में तबीयत अधिक गंभीर नहीं थी, इसलिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान हालत लगातार बिगड़ती गई और इसके बावजूद मरीज को कहीं और नहीं भेजा गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी के.एन. बरनवाल तथा सीएचसी कैंपियरगंज के चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि अस्पताल अपंजीकृत है। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है; तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।
