भदोही
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भदोही में तैयारियां पूरी, अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
20 जून को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, 21 जून को ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर होगा सामूहिक योगाभ्यास
भदोही | अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 21 जून को प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं चयनित सार्वजनिक स्थलों पर निर्धारित समयानुसार योग कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
योग स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
ग्राम पंचायतों में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर, ग्राम सचिवालय, पंचायत भवन, खेल मैदान तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों का समय से चयन कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को योग कार्यक्रमों में सहभागी बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा है।
उन्होंने कहा कि योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।
20 जून को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
योग दिवस के आयोजन को स्वच्छ एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत चयनित कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और पर्यावरणीय स्वच्छता से संबंधित कार्य कराए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम के बाद देनी होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद फोटोग्राफ एवं संक्षिप्त आख्या तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए 21 जून को आयोजित योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा योग के माध्यम से निरोग और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
