Connect with us

भदोही

साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा न करें

Published

on

Loading...
Loading...

ज्ञान भारती इंटरमीडिएट कॉलेज में साइबर सेल ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से सतर्क रहने की दी सलाह

भदोही। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भदोही पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को साइबर सेल एवं थाना साइबर क्राइम की टीम ने ज्ञानपुर स्थित ज्ञान भारती इंटरमीडिएट कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।

संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से रहें सावधान

साइबर सेल की टीम ने बताया कि ठग फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी के कहने पर संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचें।

Advertisement

टीम ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

भदोही पुलिस ने अपील की कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिजन यादव, डॉ. प्रभात रंजन अम्बष्ट, नोडल शिक्षक संकुल न्याय पंचायत कांवल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। साइबर सेल टीम में हेड कांस्टेबल देवानंद, कांस्टेबल कन्हैया और कांस्टेबल सदानंद शामिल रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page