भदोही
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू
निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक ने एफएलसी हॉल का किया निरीक्षण, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ जांच कराने के दिए निर्देश
भदोही। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू हो गई है। 12 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न कराई जा रही है। मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैनात प्रेक्षक गोपीनाथ कुंअर, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ओडिशा एवं शिवम अरोड़ा ने एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मशीनों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा जांच के प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रेक्षकों ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के इंजीनियरों की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि ईवीएम के प्रत्येक घटक की अलग-अलग जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाए। साथ ही जांच कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने को कहा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में कराई जा रही इस जांच का उद्देश्य चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला, संबंधित अधिकारी, बीईएल के इंजीनियर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
