Connect with us

बलिया

प्रेमी का पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस की भूमिका पर परिजनों ने उठाए सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

दोनों हाथ रस्सी से बंधे मिलने पर गहराया संदेह, चौकी में कथित समझौते के दौरान रुपये लेने और मोबाइल रखने का आरोप

रतसर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दलित बस्ती निवासी 21 वर्षीय अभिषेक उर्फ गोलू का शव गांव के दक्षिण स्थित एक बगीचे में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी हितेश कुमार और चौकी प्रभारी बांक बहादुर सिंह ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

दोनों हाथ बंधे मिलने से गहराया संदेह

मृतक के दोनों हाथ उसी रस्सी से बंधे होने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर संदेह गहरा गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

चौकी में समझौते के दौरान रुपये लेने का आरोप

मृतक की मां आशा देवी और भाई हंस कुमार के अनुसार, अभिषेक का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था और वह कुछ दिनों से उनके घर रह रही थी। युवती के परिजनों की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस चौकी में कथित तौर पर समझौता हुआ था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि चौकी के एक सिपाही ने सुलह कराने के नाम पर मोटी रकम ली और अभिषेक का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया। आरोप है कि सिपाही ने मोबाइल लौटाने के लिए और रुपये लेकर बुधवार को बुलाया था। हालांकि, बुधवार सुबह ही अभिषेक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हो गया।

Advertisement

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page