Connect with us

वाराणसी

पीएम के दौरे से पहले खोचवां पहुंचे सीएम योगी, अरविंद मिल की तैयारियां परखीं

Published

on

Loading...
Loading...

25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे नई इकाई का लोकार्पण, फैक्ट्री में काम करने वाली महिलाओं से करेंगे संवाद

मिर्जामुराद (वाराणसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित अरविंद लिमिटेड की नवनिर्मित इकाई पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। करीब 15 मिनट तक परिसर में रहने के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब तीन बजे जनता इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह कार से फैक्ट्री पहुंचे और निरीक्षण के बाद करीब 3:27 बजे वापस हेलीपैड पर लौट गए। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एडीसीपी नृपेंद्र सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

50 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित हुई इकाई

Advertisement

खोचवां (भेड़हेरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित इस इकाई का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को करेंगे। अहमदाबाद की कंपनी अरविंद लिमिटेड की इस फैक्ट्री में स्पोर्ट्स वियर, अंडरगारमेंट और टी-शर्ट का उत्पादन किया जाएगा। परियोजना में करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इससे क्षेत्र में सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

महिलाओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं से संवाद होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री उनसे रोजगार मिलने के बाद जीवन में आए बदलावों के बारे में जानकारी लेंगे। इकाई में क्षेत्र की युवतियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। कंपनी की ओर से महिलाओं को आवागमन सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 25 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर हेलीकॉप्टर से खोचवां स्थित फैक्ट्री पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page