Connect with us

भदोही

नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु

Published

on

Loading...
Loading...

देवी मंदिरों में सुबह से लगी कतारें, घंटा-घड़ियाल की गूंज से भक्तिमय हुआ गोपीगंज

गोपीगंज (भदोही)। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिरों में फूल-माला, नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर चलता रहा।

भोर से ही मंदिरों में लगी कतारें

नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा की आराधना का विशेष महत्व है। भोर होते ही पुरुषों और महिलाओं की कतारें मंदिरों के बाहर लग गईं। श्रद्धालुओं में दर्शन-पूजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नगर से लेकर गांवों तक देवी भक्ति का माहौल बना रहा। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और देवी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

नगर से गांवों तक देवी मंदिरों में उमड़ी भीड़

गोपीगंज नगर के सदर मोहल्ला स्थित मां दुर्गा मंदिर, पश्चिम मोहल्ला के चौरा माता मंदिर, पसियान मोहल्ला स्थित मां बंबा देवी मंदिर, काली देवी मोहल्ला के मां काली मंदिर और ज्ञानपुर रोड स्थित शीतला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।

इसके अलावा जगन्नाथपुर, गोपपुर, लालानगर, सारीपुर, धनापुर, सुजातपुर, सीखापुर और कौलापुर समेत विभिन्न गांवों के देवी मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने माता रानी के समक्ष माथा टेककर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।

Advertisement

बाजार में भी रही चहल-पहल

नवरात्र के चलते गोपीगंज बाजार में भी दिनभर गहमागहमी रही। पूजा सामग्री, नारियल, चुनरी, फल और प्रसाद की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। मंदिरों और बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page