बलिया
इन्वर्टर खरीदकर लौट रहे तीन युवकों पर हमला, अस्पताल में भर्ती
हरदिया पुल के पास हनुमान मंदिर के निकट हुई मारपीट, पुलिस जांच में जुटी; अभी नहीं मिली लिखित तहरीर
सिकंदरपुर (बलिया)। क्षेत्र से इन्वर्टर खरीदकर बाइक से अपने गांव पिलुई लौट रहे तीन युवकों पर हरदिया पुल के पास हनुमान मंदिर के निकट मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिलुई निवासी निजामुद्दीन, संतोष कुमार (32) और गोलू (32) बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि हरदिया पुल के पास पहुंचते ही कुछ युवकों ने उन्हें रोककर अचानक हमला कर दिया और मारपीट की। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, खबर लिखे जाने तक पीड़ितों की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
खेजुरी थानाध्यक्ष सुशील दुबे ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
