Connect with us

भदोही

अमवा की सरोज बस्ती में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत

Published

on

Loading...
Loading...

घर लौटे परिजनों को कमरे में लटका मिला शव, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमवा गांव की सरोज बस्ती में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के घर लौटने पर उसका शव कमरे में खिड़की से गमछे के सहारे लटका मिला। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अमवा सरोज बस्ती निवासी शंभूनाथ सरोज का 17 वर्षीय पुत्र अमित सरोज परिवार के साथ रहता था। बताया जाता है कि घटना के समय परिवार के सदस्य एक दूसरे गांव में आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन

शाम करीब सात बजे परिजन घर लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। मां अनीता देवी ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अंधेरा होने के कारण टॉर्च की रोशनी से देखने के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर अमित का शव खिड़की में गमछे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस

परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए जहांगीराबाद घाट ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची गोपीगंज पुलिस ने दाह संस्कार से पहले शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Advertisement

परिवार में मचा कोहराम

बताया जाता है कि अमित दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक अविवाहित बहन भी है। माता-पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोर की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page