मऊ
महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न
मऊ। मऊ जिले में आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में शांति समिति के सदस्य मंदिरों के आसपास अतिक्रमण हटाने, महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती, सोशल मीडिया पर नजर रखने और शीतला माता मंदिर के मार्ग की मरम्मत जैसी समस्याओं पर चर्चा की। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी ने सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता जताई।
पूर्व विधायक इम्तियाज़ खान ने शहर की स्थिति को बेहतर बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई और मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की बात की।समिति के सदस्य भरत लाल रही ने मंदिरों के आसपास अतिक्रमण और बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगाने की अपील की। जिलाधिकारी ने इन मुद्दों को हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और सुनिश्चित किया कि महाशिवरात्रि का पर्व शांति और सौहार्द से संपन्न हो।
उन्होंने पुराने तरीकों से ही त्यौहार मनाने की सलाह दी और लाउडस्पीकर व डीजे के इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए कहा।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 2024 में सभी त्योहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हुए हैं और आगे भी यही उम्मीद जताई।
उन्होंने नए परंपराओं के आरंभ पर रोक लगाई और थानाध्यक्षों को जुलूस के मार्गों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने आयोजकों से अपील की कि मंदिरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और डीजे से संबंधित नियमों का पालन किया जाए।
अपर जिला अधिकारी ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और वॉलिंटियर्स की सूची थाना में जमा करने की सलाह दी। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
