गाजीपुर
दुल्लहपुर पुलिस ने समाधान दिवस पर छः मामलों का किया निस्तारण
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आधा दर्जन मामलों का मौके पर निस्तारण किया।
कोठिया गांव में जमीन विवाद से संबंधित एक मामला विशेष रूप से चर्चा में रहा। श्यामसुंदर, निवासी कोठिया और चार अन्य पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान श्यामसुंदर ने पक्की पैमाइश के लिए समय मांगा। हालांकि, विपक्षी पक्ष ने इसका विरोध करते हुए प्रशासन और राजस्व टीम की मौजूदगी में समय देने का कड़ा विरोध जताया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विपक्षी पक्ष श्यामसुंदर के साथ झगड़ा करने पर उतारू हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों – संतोष कुमार (पुत्र रमाशंकर), बृजनंदन (पुत्र गुरु प्रसाद), सानंद (पुत्र गुलाब चंद्र) और रामशंकर (पुत्र पारसनाथ) को गिरफ्तार किया। संबंधित धाराओं में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
समाधान दिवस पर थाना क्षेत्र के अन्य मामूली विवादों को भी सुलझाने में पुलिस और प्रशासन ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद को आपसी सहमति या कानूनी प्रक्रिया के तहत हल करने की अपील की।
