वाराणसी
बनारस की 2024 की 12 बड़ी राजनीतिक घटनायें जिसने खींचा सबका ध्यान
वाराणसी। 2024 खत्म होने को है। हर साल की तरह यह साल भी वाराणसी में कई अहम राजनीतिक घटनाओं का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र होने के नाते इस वर्ष यहां का राजनीतिक माहौल देशभर में चर्चा का केंद्र रहा। आइए जानते हैं इस साल की 12 प्रमुख राजनीतिक घटनाएं, जिन्होंने बनारस की सियासत को परिभाषित किया।
1. मोदी की तीसरी जीत: पीएम का संसदीय क्षेत्र बनकर चमका बनारस
2024 के लोकसभा चुनावों में वाराणसी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सांसद चुना। कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कड़े मुकाबले के बावजूद मोदी ने यह जीत हासिल की। मतगणना के शुरुआती राउंड में अजय राय से पीछे रहने के कारण यह चुनाव देशभर में चर्चा का विषय बना।
2. NDA नेताओं का जमावड़ा
प्रधानमंत्री मोदी के नामांकन के दौरान वाराणसी में NDA गठबंधन के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रही। नामांकन के बाद मोदी ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा पूजन और कालभैरव मंदिर में दर्शन किए।
3. राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’
लोकसभा चुनाव के बीच राहुल गांधी ने वाराणसी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली, जिसमें सपा और अन्य विपक्षी दलों का समर्थन मिला। उनकी यह यात्रा काशी विश्वनाथ धाम के पास जनसभा के साथ समाप्त हुई।
4. प्रियंका गांधी और डिंपल यादव का रोड शो
प्रियंका गांधी और सपा नेता डिंपल यादव ने वाराणसी में 3 किमी लंबा रोड शो किया। दुर्गाकुंड से रविदास मंदिर तक निकाले गए इस रोड शो ने विपक्षी दलों को मजबूती दी।
5. ओवैसी और पल्लवी पटेल की साझा सभा
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और पल्लवी पटेल ने अलग गुट PDM के तहत वाराणसी में जनसभा की। हालांकि इस गठबंधन को चुनाव में खास सफलता नहीं मिली।
6. आईआईटी बीएचयू विवाद
आईआईटी बीएचयू में छात्रा से दुष्कर्म के मामले ने शहर का माहौल गर्म कर दिया। आरोपियों के भाजपा से जुड़े होने की बात सामने आने पर विपक्ष ने सरकार को घेरा।
7. अमित शाह के बयान पर प्रदर्शन
गृहमंत्री अमित शाह के डॉ. भीमराव अंबेडकर पर कथित बयान के बाद वाराणसी में विरोध प्रदर्शन हुए। पुलिस ने इस दौरान कई छात्रों को गिरफ्तार किया।
8. श्याम देव राय चौधरी ‘दादा’ का निधन
भाजपा के दिग्गज नेता और सात बार विधायक रहे श्याम देव राय चौधरी का निधन हुआ। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
9. मुख्तार अंसारी की मौत
माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत के बाद बनारस समेत पूरे पूर्वांचल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
10. यूपी कॉलेज विवाद
यूपी कॉलेज को वक्फ बोर्ड की नोटिस के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। परिसर में बाहरी लोगों की एंट्री बैन करनी पड़ी।
11. ‘नमो घाट’ का उद्घाटन और नई सौगातें
देव दीपावली पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नमो घाट का उद्घाटन किया। सीएम योगी ने यूपी कॉलेज को यूनिवर्सिटी का दर्जा देने और संस्कृत छात्रों को छात्रवृत्ति देने की योजना शुरू की।
12. रोपवे प्रोजेक्ट और अमूल बनास डेयरी
देश के सबसे बड़े अर्बन रोपवे प्रोजेक्ट पर काम जारी है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने काशी में अमूल बनास डेयरी का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र की दूध उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हुई।
2024 में वाराणसी न केवल राजनीति का केंद्र रहा, बल्कि कई सामाजिक और आर्थिक बदलावों का गवाह भी बना। 2025 के लिए अब और भी उम्मीदें बंध रही हैं।
