मऊ
मऊ में निर्माणाधीन रोडवेज भवन का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री ए.के.शर्मा
नागरिकों ने किया जोरदार स्वागत
मऊ (जयदेश)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा गुरुवार को घोसी में बन रहे नए रोडवेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। यह परियोजना क्षेत्र के विकास और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके लिए 4 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों और ठेकेदारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना घोसी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इस कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
साथ ही इसे समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। मंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और कार्य पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।नई परियोजना के तहत यात्रियों को एक आधुनिक बस स्टेशन मिलेगा, जिसमें स्वच्छ शौचालय, प्रतीक्षालय और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी।
इससे यात्रियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मंत्री के दौरे के बाद स्थानीय लोग खुश नजर आए और उनका कहना था कि इस रोडवेज के निर्माण से यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
अधिकारियों के अनुसार इस निर्माण कार्य का 20% हिस्सा पूरा हो चुका है और इसे अगले छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है।मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्राथमिकता दी जा रही है और यह रोडवेज परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देना और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। मंत्री ने कहा कि इस रोडवेज से घोसी को न केवल बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि मऊ जिले की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी मजबूत होगी।
