वाराणसी
विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, सीडीओ ने अधिकारियों को चेताया
वाराणसी में सांसद-विधायक निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने सख्त रुख अपनाया। बैठक से अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो अधिकारी अपने कर्तव्यों का सही ढंग से पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
समीक्षा बैठक में सीडीओ ने निर्देश दिया कि अधूरे कार्य 15 जनवरी 2025 तक हर हाल में पूरे किए जाएं और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जमा किया जाए।
जिन विभागों ने पहली किश्त का उपयोग करने के बाद दूसरी किश्त की मांग नहीं की है उन्हें नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा जिन विभागों ने दूसरी किश्त का उपयोग कर कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है उन्हें 30 दिसंबर तक कार्य संपन्न कर संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इन प्रमाण पत्रों का रेंडम आधार पर सत्यापन भी कराया जाएगा। पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए बन रहे बारातघरों के निर्माण कार्य पर भी सीडीओ ने विशेष ध्यान देने को कहा। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कोताही पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएसआर के तहत चल रहे इन कार्यों में वित्तपोषित एजेंसी का नाम साइनबोर्ड पर लिखवाने और समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
