वाराणसी
आयुष मंत्री डॉ. दयालु ने श्यामदेव दादा के परिजनों से मिलकर जताया शोक
वाराणसी। प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने शनिवार को पूर्व विधायक श्यामदेव राय चौधरी ‘दादा’ के निधन पर उनके बड़ादेव स्थित आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत नेता के परिजनों से मिलकर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया।
मीडिया से बातचीत में मंत्री डॉ. दयालु ने कहा, “दादा ने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया। शहर दक्षिणी के विधायक और पूर्व मंत्री के रूप में उन्होंने काशीवासियों के बीच अपार लोकप्रियता हासिल की। उनका जाना न केवल काशी बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। संगठन को सशक्त बनाने और काशी के विकास के लिए उनका योगदान अतुलनीय रहेगा।”
उन्होंने कहा, “इस दुखद घड़ी में ईश्वर परिजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करें। दादा की प्रेरणा हमेशा हमारे साथ रहेगी।” इस अवसर पर मंत्री के साथ डॉ. हरदत्त शुक्ला, पीआरओ गौरव राठी, संतोष सैनी, सौरभ राय, जय विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
