वाराणसी
सीएम योगी की उपस्थिति में 7 दिसंबर को पिण्डरा में होगा सामूहिक विवाह समारोह
वाराणसी। पिण्डरा विधानसभा के नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में 7 दिसंबर 2024 को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा। इस भव्य कार्यक्रम में 501 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
रविवार को पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पिण्डरा बाजार के विभिन्न स्वागत स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे पूरी भव्यता और सफलता के साथ संपन्न करना है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर खंड विकास अधिकारी पिण्डरा छोटेलाल तिवारी, जिलाउपाध्यक्ष पवन सिंह, थानाध्यक्ष फूलपुर प्रवीण सिंह सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामआसरे सिंह, दीपक सिंह, बब्बू सिंह, संदीप राय, अवधेश सिंह गुल्लू, रमेश जायसवाल, राजू गुप्ता और अतुल रावत बेलवां ने भी आयोजन की तैयारियों में सहयोग दिया।
यह सामूहिक विवाह समारोह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से आयोजित हो रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पिण्डरा विधानसभा में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
