वाराणसी
असि नदी के जीर्णोद्धार की रिपोर्ट तैयार करेगा आईआईटी बीएचयू
वाराणसी। असि नदी के जीर्णोद्धार के लिए आईआईटी बीएचयू द्वारा रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) को सौंपा जाएगा। इस संदर्भ में हर 15 दिन में समीक्षा बैठक करने का भी निर्णय लिया गया है।
शुक्रवार को वीडीए कार्यालय में असि नदी जीर्णोद्धार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ड्राॅइंग, डिजाइन और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि परियोजना के तहत नवंबर तक अंतरिम रिपोर्ट सौंपे जाने की योजना थी, लेकिन अब तक यह पूरी नहीं हो सकी है।

नोडल अधिकारी नियुक्त, पर्यवेक्षणीय समिति का गठन
बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा परियोजना के सफल संचालन के लिए एक पर्यवेक्षणीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति में डॉ. गुडाकेश शर्मा के साथ अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा, और नगर नियोजक प्रभात कुमार को सदस्य बनाया गया है।
नदी पुनर्जीवन को प्राथमिकता
बैठक में समिति ने समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने और असि नदी पुनर्जीवन की योजना को शीघ्र कार्यान्वित करने पर जोर दिया। इसके तहत संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल और तेजी से प्रगति सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।
