अपराध
दहेज उत्पीड़न में चार के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है और उचित कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में विवाहिता ने बताया है कि ससुराल वाले उससे मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग कर रहे थे और जब वह इन चीजों को नहीं दे पाई तो उसे प्रताड़ित किया गया।
विवाहिता प्रान उर्फ प्रीति ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 11 मई 2022 को गुलालीडीह निवासी अजय पुत्र देवपत से हुआ था। विवाह के समय 1.5 लाख रुपये नकद, वाशिंग मशीन, बर्तन और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे। इसके बावजूद उसका पति और ससुराल पक्ष और अधिक दहेज की मांग करते रहे और उसे प्रताड़ित करते रहे।
विवाहिता का आरोप है कि 23 सितंबर को दहेज न देने पर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने पिता के घर रणहोर पहुंची। वहां से उसने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पति अजय, ससुर देवपत, भसुर विजय और जेठानी सीमा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
