वायरल
पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी हुए साइबर क्राइम के शिकार
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी साइबर क्राइम के शिकार हो गए हैं। उन्होंने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर कर लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी है। क्रिकेटर ने थाने में इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। सौरभ तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर ठगी की जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
सौरभ ने बताया कि उनके नाम और फोटो का प्रयोग कर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया है। इसमें 7 अगस्त को एक पोस्ट किया गया है कि माेबाइल नंबर 7290829790 में उत्तर प्रदेश टी 20 लीग और कर्नाटक प्रीमियर लीग 2024 में अगर कोई भी युवक खेलना चाहे तो इस नंबर पर काल कर बात कर ले। इसके बाद दूसरा पोस्ट नेशनल क्रिकेट एकेडमी के नाम से डाला गया। इसमें पंजीकरण के लिए 499 और 999 रुपये की मांग की जा रही है जो जालसाजी है।

बता दें कि विराट कोहली के नेतृत्व में 2008 में भारतीय अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप खिताब जीता था। सौरभ तिवारी उस टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक थे। सौरभ तिवारी पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानते हैं और उन्होंने युवा उम्र में धोनी जैसे ही लंबे बाल रखे थे। सौरभ तिवारी ने 12 फरवरी 2024 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। 34 साल के झारखंड के बल्लेबाज सौरभ तिवारी ने कहा था कि वो झारखंड के सीजन के आखिरी रणजी मैच के बाद अपने जूते टांग देंगे।
