वायरल
साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में हड़कंप
कानपुर। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस (19168 ) कानपुर में पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना में ट्रेन के 22 डिब्बे डिरेल हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई। कुछ यात्री घायल हुए हैं। हादसा देर रात 2.35 बजे कानपुर शहर से 11 किमी दूर भीमसेन और गोविंदपुरी स्टेशन के बीच हुआ।
इस घटना के संदर्भ में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, ट्रेन का इंजन पटरी पर रखी किसी भारी चीज से टकरा गया था। इंजन पर टकराने के निशान हैं। सबूत सुरक्षित रखे गए हैं। आईबी और यूपी पुलिस जांच कर रही है।

नॉर्दन सेंट्रल रेलवे के जीएम उपेंद्र चंद्र जोशी ने कहा, यह तय है कि हादसा इंजन के किसी चीज से टकराने से हुआ है। मौके पर कोई चीज नहीं मिली है। हादसे के वक्त ट्रेन की स्पीड 70 से 80 के बीच थी। एक पहिया उतरते ही प्रेशर कम हुआ। ड्राइवर ने वक्त रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।
