वाराणसी
सीएम योगी और वित्तमंत्री कल आएंगे काशी, धर्मशाला का करेंगे भूमि पूजन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को वाराणसी में होंगे। नाटकोट्टम क्षत्रम की ओर से दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं के लिए काशी में धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है। यह धर्मशाला सिगरा क्षेत्र स्थित नटराज सिनेमा के सामने क्षत्रम की जमीन पर बनेगी। 10 मंजिला बनने वाले इस धर्मशाला में कुल 135 कमरे होंगे। रविवार को इसका भूमि पूजन वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और योगी आदित्यनाथ करेंगे। भूमि पूजन के बाद से इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

15000 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल में बनने वाले इस धर्मशाला का नाम श्री काशी नट्टूकोट्टई नगर क्षत्रम होगा। धर्मशाला को दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से निर्मित कराया जा रहा है। दक्षिण भारत से काफी संख्या में श्रद्धालु काशी भ्रमण पर आते हैं। इनमें से कई काशीवास की इच्छा रखते हैं, लेकिन रहने के लिए अच्छा ठिकाना न होने की वजह से उन्हें दिक्कत होती है। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है। धर्मशाला के भूमिपूजन में वित्तमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ ही तमिलनाडु के कानून मंत्री एस रेगुपति समेत कई विशिष्टजन शामिल हो सकते हैं।
